सवाल : प्रेगनेंसी का पहला महीना कब से शुरू होकर कब ख़त्म होता है?
जवाब : प्रेगनेंसी का पहला महीना दरसल गर्भधारण करने से भी पहले शुरू होता है। गर्भधारण करने से पहले जो अंतिम पीरियड का पहला दिन होता है, तभी से पहला महीना शुरू होता है और अगले महीने की उसी तारीख तक वो महीना ख़त्म होता है।
सवाल : प्रेगनेंसी के पहले महीने में क्या-क्या बातें ध्यान में रखनी चाहिए?
जवाब : प्रेगनेंसी के पहले महीने में महिलाओं को अपनी प्रेगनेंसी का पता नहीं होता है। इस महीने स्पर्म अंडाणु से अटैच होता है। यदि महिलाएं प्रेगनेंट होने की कोशिश कर रही हैं, तो उनको अपने आहार पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। अपने आहार में कैल्शियम आयरन, प्रोटीन और विटामिन शामिल करना चाहिए। साथ ही फॉलिक एसिड का प्रयोग शुरू कर देना चाहिए।
सवाल : क्या प्रेगनेंसी के पहले महीने में वॉमिटिंग और चक्कर जैसी परेशानियाँ होती हैं?
जवाब : प्रेगनेंसी के पहले महीने में आम तौर पर प्रेगनेंसी के कोई भी लक्षण नज़र नहीं आते हैं। पहला महीना बिल्कुल सामान्य ही बीत जाता है और जब महिला अपना पीरियड मिस करती है, तब यह एक तरह से प्रेगनेंसी का पहला लक्षण होता है। इसके बाद प्रेगनेंसी टेस्ट करवाने से प्रेगनेंसी कन्फर्म की जा सकती है।
सवाल : क्या प्रेगनेंसी की शुरुआत में बेड रेस्ट करना ज़रूरी है?
जवाब : प्रेगनेंसी की शुरुआत में बेड रेस्ट करना ग़लत नहीं है। पहले महीने में तो दरअसल आप प्रेगनेंट भी नहीं होती हैं। दूसरे महीने में प्रेगनेंसी का पता चलता है। तब से लेकर तीसरे महीने तक यदि आप बेड रेस्ट लेंगी, तो शिशु के लिए बेहतर रहेगा।
सवाल : महिलाओं को प्रेगनेंसी के पहले महीने में किस प्रकार की रुटीन अपनानी चाहिए?
जवाब : प्रेगनेंसी का पहला महीना दरअसल बिना प्रेगनेंसी का होता है। ऐसे में महिलाएं जान ही नहीं पाती हैं कि वो प्रेगनेंट हैं भी या नहीं। लेकिन यदि आप माँ बनने की कोशिश कर रही हैं, तो आपको हर प्रकार से एक्टिव रहना चाहिए। आपको हल्का व्यायाम, हेल्दी भोजन, अच्छे विचार और सकारात्मक लोगों की संगति के साथ अपनी दिनचर्या सेट करनी चाहिए।